गरमपानी (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में दो महीने से रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों को खाना बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खीनापानी, नैनीपुल, क्वारब और दियारी जैसे गांवों में अधिकांश घरों के सिलिंडर खाली हो चुके हैं। खीनापानी निवासी अनूप सिंह जीना ने बताया कि भवाली गैस एजेंसी का वाहन नहीं आ रहा है। ग्रामीण मजबूरन खाना बनाने के लिए लकड़ियों का उपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन और पूर्ति विभाग से नियमित गैस आपूर्ति की मांग की है। दूसरी ओर खैरना और गरमपानी बाजार में शनिवार को रसोई गैस का वाहन पहुंचा। बेतालघाट गैस एजेंसी के प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल ने बताया कि बाजार के लिए 192 रसोई गैस सिलिंडर भेजे गए थे। इसके साथ ही 14 व्यावसायिक सिलिंडर भी वितरित किए गए।