शनिवार रात में आए आंधी तूफान का असर मंगलपड़ाव क्षेत्र में रहा। रोड पर छह पेड़ विद्युत लाइनों पर गिरने से 50 मिनट बिजली गुल हो गई। सात से अधिक दुकानों की टिनशेड उड़ गए और छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए। शहर में कई स्थानों पर होर्डिंग्स पत्ते की तरह उड़कर दूर जा गिरे। सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह और एसडीएम पंकज उपाध्याय ने मौके का जायजा लेकर पांच तिरपाल लोगों को तत्काल प्रदान किए। बारिश से शहर के तमाम इलाकों में पानी भर गया। जिससे कई दुकानों के भीतर भी पानी घुस गया।
आंधी तूफान और ओलावृष्टि से कई स्थानों पर आम और लीची की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। मंगलपड़ाव में रोड को छोड़कर बगीचे में सात पेड़ गिर गए। जिससे काश्तकारों में निराशा है। बरेली रोड पर कांता बैंक्वेट हाल के समीप आंधी पानी के चलते सौ साल पुराना बरगद का पेड़ निरीक्षक भुवन गोस्वामी की कार पर गिर पड़ा। इसके अलावा रोड के पांच अन्य पेड़ गिरने से नैनीताल रोड अवरुद्ध होने से जाम लग गया।
इसके अलावा देर रात साढ़े बारह बजे एक और पेड़ के गिर जाने से बरेली रोड में यातायात बाधित हो गया। टिनशेड गिरने से अमरनाथ गोस्वामी, मंजू गोस्वामी, दीपक तिवारी, प्रेम गोस्वामी, रक्षित (10) और दिव्यांशी (05) घायल हो गए। जाम को हटाने में पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को ओलावृष्टि के साथ मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। बारिश से पूरा शहर तरबतर हो गया। नाले और नालियां बंद होने से सड़क लबालब भर गईं। कालाढूंगी रोड, बरेली रोड और रामपुर रोड की अधिकांश सड़कें पानी से भर गईं।
दो दिन और खराब रहेगा मौसम: सिंह
हल्द्वानी। अभी दो दिन तक मौसम और इसी तरह का बना रहेगा। पूरे राज्य में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो कल और परसों तेज आंधी तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार को आंधी तूफान के दौरान करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई स्थानों पर बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई जिससे आम की फसल चौपट हो गई। निदेशक विक्रम सिंह ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी तूफान के दौरान जल्दबाजी में गंतव्य की ओर जाने के बजाए सुरक्षित स्थानों पर खड़े हो जाएं। आंधी तूफान का यह दौर आधे से एक घंटे के बीच रहता है। उन्होंने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है। आज अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।