हल्द्वानी। भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी के पास टैक्सी स्टैंड पर एक गैंग के युवकों ने गैंगस्टर के आरोपी पर फायरिंग कर दी। घटना के दौरान समीप खड़ा सिपाही और गैंगस्टर का आरोपी बच निकला। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया है। घटना का कारण रंजिश और वर्चस्व के लिए संघर्ष बताया जा रहा है।
सुभाष नगर निवासी मनीष मटियानी शुक्रवार दोपहर भोटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड पर चालकों से बातचीत कर रहा था। इसी समय चार युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने मनीष से हेमंत थापा का हाथ तोड़ने का कारण पूछा। कहासुनी के बाद एक युवक ने मनीष पर गोली चलाई लेकिन वह बच निकला। लोगों का कहना था कि एक सिपाही भी मौके पर था लेकिन वह भी भाग निकला।
गोली की आवाज से टैक्सी स्टैंड में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल आर एस मेहता मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश की। पुलिस ने तीन युवकों को भागते समय पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में बैलाजाली लॉज निवासी सुमित बिष्ट, रवि आर्या और सोनू घिंडियाल शामिल हैं। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।
मनीष की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बारे में चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि मुकदमे के वादी मनीष मटियानी के खिलाफ भी गैंगेस्टर सहित छह मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पहले वह जमानत पर छूटकर आया है।
मनीष और हृयदेश गैंग के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। घटना के पीछे वर्चस्व के लिए संघर्ष बताया जा रहा है। आरोप है कि हमले से पहले मनीष और उसके साथियों ने हेमंत का हाथ तोड़ दिया था और एक दिन पहले भी बैलाजाली लॉज निवासी सुमित बिष्ट के भाई शशि को आवास विकास में पीट दिया था। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि मनीष के खिलाफ भी हेमंत थापा पर हमला करने का आरोप है। इस मामले में लिखित शिकायत आने के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।