हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने एक दुकानदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि दुकानदार ने तीन हजार का सामान देने के बाद महिला से 30 हजार रुपये हड़प लिए।
डहरिया रामपुर रोड निवासी कामिनी परिहार पत्नी धर्मेंद्र परिहार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसने 14 जनवरी को कृत्रिम जेवरात (आर्टीफिशियल) बेचने वाले व्यक्ति से तीन हजार रुपये का सामान खरीदा था लेकिन उसने तीन हजार रुपये की जगह धोखाधड़ी से तीस हजार रुपये ले लिए। इसमें से पांच हजार रुपये नकद और 25 हजार रुपये ऑनलाइन दिए।
बाद में जांच में पता चला कि ऑनलाइन की गई पेमेंट पर नंबर दिल्ली के दुकानदार का है। पूछने पर दुकानदार नूर अली पैसे वापस लौटाने में आनाकानी कर रहा था। महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मुकदमे की विवेचना कर रही है।
सट्टेबाजी में एक गिरफ्तार
हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने इंदिरानगर ठोकर के पास इकबाल हुसैन निवासी नई बस्ती को सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 8400 रुपये और सट्टा पर्ची बरामद की है।