नैनीताल। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने रविवार सुबह मां नयना देवी मंदिर में मां नयना समेत अन्य देवी-देवताओं के दर्शन किए। वह मंदिर प्रांगण में धूप में काफी समय तक बैठे और देवी का पाठ भी किया। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव लोचन साह ने देवगौड़ा को याद दिलाया कि भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 15 अगस्त 1996 को लाल किले से भाषण देते हुए पृथक उत्तराखंड राज्य के गठन के लिए अपनी सरकार का संकल्प व्यक्त किया था। इसके लिए उत्तराखंड की जनता उनकी सदा ऋणी रहेगी। मां के मंदिर में आचार्य चंद्रशेखर तिवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री की पूजा करवाई। 91 वर्षीय देवगौड़ा के चलने-फिरने में दिक्कत होने के कारण उनके निजी स्टाफ ने उन्हें दोनों ओर से सहारा देकर देवी के दर्शन कराए। वहां उप सचिव प्रदीप शाह, अन्य न्यासी, आचार्य एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद