नैनीताल। बल्दियाखान वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय के पास बृहस्पतिवार सुबह लगी जंगल की आग ने कुछ ही घंटों में विकराल रूप धारण कर लिया। करीब छह घंटे की मशक्क्त के बाद आग पर काबू पा लिया गया। विभाग ने जंगलों में आग लगाने वाले की सूचना देने की अपील की है।
फायर वॉचर के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से आग लगाने की आशंका है। हवा, खड़ी पहाड़ी और सूखी वनस्पति के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। पहाड़ी से नीचे गिरते जलते ठीटे आग को और भड़काने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के लिए मुसीबत बन गए। धुएं के कारण पास में सड़क पर वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। वनककर्मी व फायर वॉचर समेत करीब 40 लोग आग बुझाने में जुटे थे। टीम ने करीब दोपहर तीन बजे आग पर काबू पा लिया। हालांकि टीम मौके पर शाम तक रुकी रही।
डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के लिए टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। आग लगाने वालों की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भीमताल के जंगल में लगी आग से वन संपदा को नुकसान
भीमताल(नैनीताल)। तल्लीताल क्षेत्र स्थित थकुडा के जंगल में बृहस्पतिवार रात आग लग गई। आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को दी। डांठ क्षेत्र के निशांत खान ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात थकुडा के जंगल में आग भड़क उठी। आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। देर रात तक वनकर्मियों की टीम आग बुझाने में जुटी रही। स्थानीय लोगों ने जंगल में आग लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।