नैनीताल। मंडलायुक्त सुशील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह 13 डिस्ट्रिक्ट 13 डेस्टिनेशन के तहत अब तक कराए गए कार्यों की उपयोगिता प्रमाणपत्र शासन को भेजें ताकि शासन से अगली किस्त मिल सके।
मंगलवार को आयुक्त ने समीक्षा बैठक में बताया कि योजना के तहत नैनीताल जिले में मुक्तेश्वर क्षेत्र को नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से 13 कार्य क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। इसके लिए साढ़े तीन करोड़ की धनराशि शासन से स्वीकृत है। अभी तक निगम को 1.40 करोड़ मिले है।
बताया कि निगम की ओर से मुक्तेश्वर में पांच कार्य प्रगति पर हैं, जिसमें मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के तहत गेट निर्माण व पैदल मार्ग में रैलिंग लगाने का कार्य, महादेव मंदिर से चौली की जाली तक मार्ग का समतलीकरण व कटिंग कार्य, मुक्तेश्वर गार्डन के ले-आउट में पौधरोपण, हिम दर्शन प्वाइंट, पर्यटक आवास गृह में डेक के लिए बुनियादी कार्य, भालूगाड़ वाटर फॉल का विकास कार्य, जैसुली देवी धर्मशाला का सौंदर्यीकरण कार्य चल रहे हैं।
मंडलायुक्त ने निगम के प्रबंध निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी को निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा कर उपयोगिता प्रमाणपत्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। कहा कि भालूगाड़ वाटर फॉल में सुरक्षा के उपाय करने के साथ ही वाटर फॉल तक मार्ग बेहतर करने को कहा। आयुक्त ने भीमताल के कर्कोटक समेत अन्य पर्यटन स्थलों में बेहतर संभावनाएं तलाशने को भी कहा। बैठक में केएमवीएन के प्रबंध निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी, महाप्रबंधक एपी वाजपेयी आदि मौजूद थे।
चितई में पार्किंग के लिए 1.49 करोड़ की डीपीआर
नैनीताल। बैठक में आयुक्त सुशील कुमार ने अल्मोड़ा जिले के चितई क्षेत्र में पार्किंग प्रस्ताव की समीक्षा की। निगम के प्रबंध निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि चितई में पार्किंग के लिए 1.49 करोड़ की डीपीआर बनी है। आयुक्त ने डीपीआर को शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। भंडारी ने बताया कि बागेश्वर के रेतौली में एमटीबी सेंटर एवं रिजॉर्ट प्रस्तावित है। जिसमें तीन कॉटेज भी होंगे। आयुक्त ने कॉटेज की संख्या बढ़ाने, पार्किंग व सड़क की व्यवस्था को बेहतर बनाने और रेतौली क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाशने को कहा।
चंपावत के लिए 4.90 करोड़ की योजना
नैनीताल। 13 डिस्ट्रिक्ट 13 डेस्टीनेशन के तहत चंपावत में श्यामलाताल के सौंदर्यीकरण, अवस्थापना सुविधाओं का विकास, पाथवे निर्माण, शौचालय निर्माण, पार्किंग, व्यू प्वाइंट व फूड क्योस्क के लिए 4.90 करोड़ की धनराशि स्वीकृत है। आयुक्त ने कार्यों को चरणबद्ध तरीके से कराने को कहा।
द्रोणासागर झील के सौंदर्यीकरण के लिए 4.90 करोड़ की योजना
नैनीताल। तेरह जिले तेरह डेस्टीनेशन योजना के तहत ऊधम सिंह नगर में स्थित द्रोणासागर झील का अवस्थापना विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए कुमविनि ने 4.95 करोड़ का डीपीआर प्रस्ताव बनाया है। इसके पहले चरण में द्रोणासागर के पास पार्किंग, प्रवेश द्वार, फूड क्योस्क, चिल्ड्रन पार्क, ओपन एयर थियेटर, चारों ओर पाथवे निर्माण एवं सौन्दर्यकरण के साथ साथ म्यूरल्स लगाया जाना प्रस्तावित है। द्वितीय चरण में द्रोणासागर के अन्य कार्य शामिल किए हैं। इस पर आयुक्त ने आईआईटी रुड़की द्वारा किए कार्यों की सर्वे की रिपोर्ट शीघ्र मंगाने के निर्देश दिए ताकि अन्य कार्य भी कराए जा सकें।