सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी में डेंगू की दस्तक के बीच स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं। तबीयत खराब होने पर वन विभाग के पांच प्रशिक्षु रेंजर को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बरेली रोड निवासी एक और संदिग्ध मरीज भी भर्ती बताया जा रहा है। इनमें चार को डिस्चार्ज कर दिया गया है। दो का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले वन विभाग के प्रशिक्षु दरोगा टूर पर यूपी गए थे। यहां लौटने पर उन्हें सामान्य सर्दी-जुकाम की शिकायत हुई थी। इसके बाद सुशीला तिवारी अस्पताल में पांच प्रशिक्षुओं की जांच की गई तो उनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई। सभी को गहन आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। इनमें चार प्रशिक्षुओं के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद छुट्टी दे दी गई। इसी बीच बरेली रोड निवासी एक और युवक को भी संदिग्ध हालत में भर्ती कराया गया है। हालांकि उसकी जांच रिपोर्ट बाकी है। फिलहाल एक प्रशिक्षु और एक संदिग्ध मरीज का इलाज चल रहा है। कोविड के समय भी मरीजों में ऐसे ही लक्षण देखे गए थे। उधर सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि चार मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। सभी एक ही संस्थान के थे। बता दें कि इस वर्ष स्वाइन फ्लू का यह पहला मामला है।