हल्द्वानी। जलसंस्थान के संविदा श्रमिकों की हड़ताल के चलते पूरे शहर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। इससे शुक्रवार को शहर की करीब पांच लाख की आबादी को पेयजल संकट से जूझना पड़ा।
तीन दिन से जलसंस्थान के कर्मचारी हड़ताल पर है। वहीं शीशमहल स्थिति ट्रीटमेंट प्लांट से पाइप लाइनों में पानी तो छोड़ा जा रहा है लेकिन हड़ताल के चलते न तो कहीं वाल्व ऑपरेट हो रहे। न हीं ट्यूबवेल चलाए जा रहे हैं। पानी खोलने और बंद करने तक के लिए कर्मचारी नहीं है। वहीं कई इलाकों में पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से सड़कों पर बह रहा है। शुक्रवार को आज बरेली रोड, रामपुर रोड, आजाद नगर, ऊंचापुल, कुसुमखेड़ा, नैनीताल रोड, हल्द्वानी मुख्य शहर समेत कई इलाकों में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई। जलसंस्थान के टैंकर चालक भी हड़ताल पर हैं। इस कारण करीब 10 निजी टैंकर किराए पर लिए गए हैं। इनसे भी शहर की व्यवस्था संभव नहीं है।
कर्मचारियों से आज वार्ता भी की गई, जितना हमसे संभव है वह हम करने को तैयार हैं। उन्हें चार दिन का मानदेय देने का आदेश कर दिया है। ठेकेदार से 50 कर्मचारी मांगे गए हैं। फिल्टर प्लांट चलाने के लिए 8-10 आईटीआई प्रशिक्षित युवा लगाए गए हैं। कर्मचारी उपनल के तहत नियुक्ति और नियमितीकरण चाहते हैं। यह शासन स्तर का मामला है। किसी तरह कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।
संजय कुमार श्रीवास्तव, ईई जलसंस्थान
बाल्टियां लेकर किया प्रदर्शन
हल्द्वानी। पेयजल किल्लत से परेशान आजाद नगर क्षेत्र के लोगों ने बाल्टियां लेकर जलसंस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि तीन दिन से इलाके में पानी की बूंद नहीं आ रही है। विभाग टैंकरों से भी पेयजल व्यवस्था नहीं करा पा रहा है। कहा कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में मो. मोहसिन मिकरानी, मो. इदरीश मिकरानी, हाजी जमील अहमद, मो. वसीम, अब्दुल कादिर, नदीम शमीम, जिकरान मिकरानी, हाफिज अब्दुल खालिक, मो. इलियास, शौकत आदि मौजूद रहे।