हल्द्वानी। मंगलपड़ाव सब्जी की दुकान में शनिवार की देर रात शॉर्टसर्किट से आग लग गई। अग्निशमन की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन दुकान में रखे छह डीप फ्रिजर सहित अन्य सामान जल गया। अग्निशमन अधिकारी का कहना था कि यदि आग पर शीघ्र काबू नहीं पाते तो अन्य दुकानों में भी आग फैल सकती थी।
गौजाजाली निवासी खुर्शीद की मंगलपड़ाव स्थित सब्जी मंडी में दुकान है। शनिवार रात डेढ़ बजे लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा और पुुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दमकल कर्मियों को बुलाया। मौके पर दुकानदार भी पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन आग तेजी से फैलती गई। अग्निशमन अधिकारी गोविंद राम के नेतृत्व में टीम ने दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। दुकान स्वामी के अनुसार आग से छह डीप फ्रिजर, सब्जी समेत करीब ढाई लाख का सामान जल गया।
दमकल टीम में एलएफएम सुरेंद्र सिंह राणा, फायर फाइटर मौसिम अली, नरेंद्र सिंह मेहता, चालक दिनेश लाल और रमेश बंगारी रहे। प्राथमिक छानबीन घटना का कारण शॉर्टसर्किट पाया गया है।
-
सर्दियों में अधिक होती हैं शॉर्टसर्किट की घटनाएं
सर्दियों में बिजली कम ज्यादा होने पर चिंगारी उठने लगती है, जिससे शॉर्टसर्किट की घटनाएं होती है। इसी तरह प्लग ढीला होने और ठंड से तार सिकुड़ने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी नीरज पांडे का मानना है कि हीटर जलाने पर पावर घटता बढ़ता है। तार में उसी हिसाब से गर्मी बढ़ती है। तार की ऊपरी परत कमजोर होने से शॉर्टसर्किट होता है। बचाव के लिए भवन स्वामी को सतर्कता बरतनी चाहिए।