लालकुआं। हल्दूचौड़ के दुम्काबंगर स्थित गन्ना विकास समिति के गन्ना क्रय केंद्र पर शुक्रवार को घटतौली की शिकायत पर हंगामा खड़ा हो गया। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी मेहनत की फसल का सही वजन नहीं किया जा रहा है। विरोध बढ़ता देख केंद्र पर तैनात तौल लिपिक मौके से फरार हो गए।
किसानों को घटतौली की आशंका हुई तो उन्होंने तत्काल किच्छा चीनी मिल प्रबंधन को जानकारी दी। इस पर मिल के महाप्रबंधक एपी वाजपेई ने कांटा तकनीशियन व सेंटर इंचार्ज सहित एक टीम को मौके पर भेजा। जांच में शिकायत सही साबित हुई। पांच क्विंटल पर 12 किलो का अंतर पाया गया। इसके बाद तकनीशियन ने मौके पर ही कांटा दुरुस्त किया। सेंटर इंचार्ज ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराई जाएगी जिसके बाद किसान शांत हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन राजीव कबड़वाल भी केंद्र पहुंचे। उन्होंने तौल लिपिकों के व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि आगे ऐसी गड़बड़ी पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी जाएगी। किसानों ने केन मैनेजर सहित सालों से जमे सभी लापरवाह कर्मियों के तत्काल स्थानांतरण की मांग उठाई। वहां कार्तिक बमेटा, भुवन गरवाल, कमल बमेटा, कपिल राणा, पूरन बमेटा, मुकेश बमेटा आदि थे। संवाद