हल्द्वानी। एमबीबीएस के छात्रों को कीड़े वाला भोजन खिलाने का वीडियो वायरल होने और किरकिरी होने के बाद मेस की ओर से बृहस्पतिवार को भोजन बनाने में साफ-सफाई रखी गई। छात्रों ने बताया कि उनके लिए कढ़ी-चावल और सब्जी बनाई गई थी, जिसे सभी ने खाया। उधर कीड़े वाला भोजन खिलाने के मामले में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मेस मैनेजर मोहित गुप्ता से स्पष्टीकरण मांग लिया है।
प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी की ओर से जारी नोटिस में सख्त नाराजगी जताते हुए कहा गया है कि छात्रों के भोजन में कीड़े मिलना गंभीर विषय है। एमबीबीएस के छात्रों को खराब भोजन खिलाकर उनके स्वास्थ्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ किया गया है। इससे पूर्व भी ऐसा ही मामला आया था और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से भी निरीक्षण में खराब भोजन सामग्री देने की पुष्टि हुई थी। इससे मेडिकल कॉलेज की छवि धूमिल हुई है। मेस मैनेजर से पूछा गया है कि ऐसा क्यों हो रहा है। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर मेस संचालन कार्य को तत्काल प्रभाव बंद कर दिया जाएगा।
दो दिन पूर्व हुए मामले में छात्रों ने छोले की सब्जी में कीड़े दिखाते हुए वीडियो वायरल कर दिया था। मामला सामने आने के बाद कई छात्रों ने भोजन ही नहीं किया था। फरवरी में भी एमबीबीएस के छात्रों को बासी भोजन और एक्सपायरी डेट का खाना दिए जाने का मामला खूब उछला था। इसके बाद भी सख्ती नहीं हुई और अब बॉयज मेस में खराब खाने की शिकायत फिर से आ गयी। लाखों खर्च कर मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को दोयम दर्जे का खाना मिल रहा है।