किच्छा। नेशनल हाईवे पर सर्विस लेन पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं। एसडीएम की अध्यक्षता में एनएचएआई, पुलिस व पालिका की बैठक में बुधवार से सर्विस लेन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। एसडीएम ने बताया कि लालपुर से पुलभट्टा तक सर्विस लेन को पूरी तरह खाली करवाकर आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
पिछले दिनों लगातार हुईं दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन और एनएचएआई ने दरऊ चौराहे के कट बंद करने का निर्णय लिया था। कट बंद होने के बाद लोग सर्विस लेन पर अतिक्रमण की शिकायत कर रहे थे। मंगलवार को एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि लालपुर से पुलभट्टा तक सर्विस लेन को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए बुधवार को कार्रवाई शुरू की जाएगी। एसडीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों से कट बंद और खोले गए स्थान पर सूचना पट बनाने के निर्देश दिए। कहा कि जहां दुर्घटना की आशंका अधिक हो वहां पर मार्ग सूचक ज्यादा लगाए जाएं। एसडीएम कार्यालय पर कोतवाली किच्छा व पुलभट्टा थाने के अलावा एनएचएआई के टोल प्रबंधक राहुल शर्मा मौजूद रहे।