नैनीताल। मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल करना लोगों की नींद में खलल डाल रहा है। नींद पूरी नहीं होने से लोग सिरदर्द, आंखों में जलन और थकान की समस्या के साथ ही मानसिक तनाव और डिप्रेशन के शिकार हो रहे हैं। बीडी पांडे अस्पताल में आने वाले मरीजों को डॉक्टर मोबाइल का कम प्रयोग करने की राय दे रहे हैं।
अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि वर्तमान जीवन शैली में मोबाइल की अहमियत काफी बढ़ गई है। लोग कई घंटों मोबाइल का प्रयोग कर रहे हैं। कई लोग तो पूरे दिन में आठ से 10 घंटे मोबाइल स्क्रीन पर गुजार रहे हैं। बताया कि सोने से पहले मोबाइल का उपयोग नींद की गुणवत्ता और अवधि को गंभीर रूप से कम करता है। फोन से निकलने वाली नीली रोशनी मेलाटोनिन हार्मोन को रोककर दिमाग को सतर्क रखती है जिससे अनिद्रा, आंखों में जलन, थकान, सिर दर्द, नींद के चक्र का टूटना, मानसिक तनाव और याददाश्त में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि बेहतर नींद के लिए सोने से कम से कम एक घंटा पहले फोन से दूरी बनाएं और कम से कम मोबाइल का प्रयोग करें। बताया कि सोने से पहले मोबाइल को बिस्तर से दूर रखें। दिक्कतें बढ़ने पर डॉक्टरी सलाह जरूर लें।