हल्द्वानी। निर्वाचन विभाग की सख्ती के बावजूद अधिकांश मतदाता अपने मोबाइल फोन पोलिंग बूथों के अंदर ले गए। मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाते हुए फोटो तक खींची। ईवीएम में प्रत्याशी के पक्ष में मताधिकार करने की कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
निर्वाचन विभाग ने इस बार काफी सख्ती की थी। पोलिंग सेंटरों में पुलिस फोर्स के अलावा अर्द्ध सैनिक बलों की तैनात थी। सुरक्षा कर्मी अधिकांश सेंटरों में मताधिकार करने पहुंचने वाले मतदाताओं के फोन स्विच ऑफ और साइलेंट कराते दिखे।
इसके बावजूद कई बूथों पर मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाने के साथ फोटो खींची और सोशल मीडिया में वायरल कर दी। सोशल मीडिया में ईवीएम का बटन दबाने की फोटो के साथ अपनी फोटो जोड़कर मतदाताओं से अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मताधिकार करने का आह्वान किया। वायरल फोटो काफी चर्चाओं में रही। इसके अलावा सोशल मीडिया में लोगों ने खुलकर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मताधिकार करने की बात सार्वजनिक की।
हल्द्वानी। जीआईसी बनभूलपुरा के अंदर एक युवक सुरक्षाकर्मियो की वीडियो क्लिप बना रहा था। इस बीच आईटीबीपी के जवान ने युवक को पकड़ लिया। माफी मांगने पर युवक को छोड़ दिया और मोबाइल को मतदान स्थल से 200 मीटर दूर रखने की हिदायत दी। ब्यूरो
हल्द्वानी। कई जगहों के लोगों ने मांग और समस्याओं को लेकर चुनाव बहिष्कार की बात कही थी। लेकिन, बुधवार को चुनाव बहिष्कार की कोई सूचना नहीं आई। लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गौलापार क्षेत्र में मदनपुर खेड़ा, विजयपुर से लेकर सुल्तानपुर खेड़ा के लोगों में कुछ बातों को लेकर नाराजगी थी। कई ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार तक का फैसला किया था। इसके लिए सभा तक हुई थी। पर सरकारी प्रयास और दूसरे कारणों के चलते बहिष्कार की कोई सूचना नहीं आई है। सभी ने अपने मतों का प्रयोग किया है। ब्यूरो
हल्द्वानी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पहली बार मतदान केंद्रों से सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। मास्टर ट्रेनर अनुराग अग्रवाल ने बताया कि नैनीताल जिले की छह विधानसभाओं में 12 मतदान केंद्रों पर व्यवस्था की गई थी, यह पूरी तरह सफल रही है। इससे मतदान केंद्रों से पल-पल की जानकारी आ रही थी। ब्यूरो