हल्द्वानी। चौफुला क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। टैंकरों से एक दिन में बांटा जा रहा 50 हजार लीटर पानी भी कम पड़ रहा है। जल संस्थान प्रभावित क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए अब गौला वाली पाइपलाइन का सहारा ले रहा है। रोजाना एक से डेढ़ घंटे पानी की आपूर्ति कर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।
चौफुला क्षेत्र में ट्यूबवेल खराब होने से बीते तीन दिन से बिठौरिया, कठघरिया रोड, ऊंचापुल रोड से लगी कॉलोनियों की चार हजार की आबादी परेशान है। ट्यूबवेल को ठीक करने में अभी दो दिन का और समय लगेगा। इसमें नई मोटर और पंप लगाना है।
पाइपलाइन शिफ्टिंग न होने से पानी को तरस रहे लोग
हल्द्वानी। नरीमन से काठगोदाम गौला पुल तक किए जा रहे चौड़ीकरण के चलते इंदिरा काॅलोनी, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र और नई बस्ती क्षेत्र में 500 की आबादी को टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। जल संस्थान की दो इंच वाली पाइपलाइन अभी शिफ्ट नहीं हो पाई है। ऐसे में यहां रोजाना टैंकरों से पानी बांटा जा रहा है।
-
चौफुला में पेयजल संकट के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गौला वाली लाइन से पानी दिया जा रहा है। काठगोदाम में सप्ताह भर के भीतर लाइन को शिफ्ट कर लिया जाएगा
। -आरएस लोशाली, ईई जल संस्थान
काठगोदाम से शीशमहल तक छह घंटे बिजली गुल
हल्द्वानी। रानीबाग बिजलीघर से सोमवार को काठगोदाम से शीशमहल तक छह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे रेलवे स्टेशन, काॅलटैक्स, श्रमिक बस्ती, रेलवे स्टेशन, बद्रीपुरा, ठोकर लाइन, चांदमारी, नई बस्ती की पांच हजार की आबादी को बिजली संकट से जूझना पड़ा। लोनिवि की ओर से नरीमन से काठगोदाम गौला पुल तक सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। चौड़ीकरण में आड़े आ रहे 23 पेड़ों के कटान के लिए बिजली बाधित की गई थी। इससे पहले से ही पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। यूपीसीएल के एसडीओ यूके भास्कर ने बताया कि एचएमटी रानीबाग बिजलीघर से शटडाउन शेड्यूल जारी किया गया था। लोगों को दिक्कत न हो, इसके लिए नरीमन से सेक्शन काटे गए। इससे बद्रीपुरा, रेलवे स्टेशन, ठोकर लाइन वाला इलाका अधिक प्रभावित रहा।