हल्द्वानी। राजकीय इंटर कालेज बनभूलपुरा में शिक्षकों की मनमानी और छात्रों से प्रवेश के नाम पर वसूली किए जाने के मुद्दे को लेकर अभिभावकों ने शनिवार को धरना देकर प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने विवादित शिक्षकों को स्कूल से हटाने की मांग भी की। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट के समझाने पर ही अभिभावक शांत हुए तथा स्कूल का घेराव समाप्त किया। बाद में उन्होंने इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा।
शनिवार दोपहर पूर्व सभासद शकील सलमानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावक जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए जीआईसी बनभूलपुरा पहुंचे और स्कूल का घेराव कर धरना दिया। इससे स्कूल के स्टाफ में खलबली मच गई। अभिभावक एक शिक्षक के व्यवहार से ज्यादा नाराज थे तथा उन्हें विद्यालय से हटाने की मांग कर रहे थे।
पूर्व सभासद शकील का आरोप था कि इंद्रानगर क्षेत्र में मेहनत मजदूरी करने वाले गरीब परिवार रहते हैं फिर भी स्कूल में पढ़ने वाले यहां के छात्रों से 200 से 300 रुपये प्रवेश के नाम पर वसूल किए जा रहे हैं जबकि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत कक्षा एक से आठ तक किसी भी छात्र से एडवांस फीस नहीं ली ला जा सकती।
विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के नाम के अलावा पीटीए के नाम पर भी वसूली हो रही है। यह भी आरोप था कि विद्यालय के कुछ शिक्षक अपने स्वार्थ साधने के लिए स्कूल का माहौल खराब करने में लगे हैं। जिस स्कूल में 1200 छात्रसंख्या हुआ करती थी अब वहां इसी वजह से मात्र 500 से भी कम संख्या रह गई है। पूर्व सभासद ने विवादित शिक्षकों का शहर से बाहर तबादला करने की मांग की।
इधर, दो घंटे तक विद्यालय में धरना प्रदर्शन चलने की खबर मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह पहुंचे और नाराज अभिभावकों को किसी तरह शांत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय के विवादित शिक्षकों के हटाने समेत विभिन्न समस्याओं के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराकर उनका समाधान कराया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में पार्षद फईम जैबा सलमानी, वकील अहमद, शमीम, असलम, शकील खान, सलमत अली, सलीम सलमानी, रुबी, जैबा अंसारी, महरुनिशां, आफसना बेगम समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।