नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में बृहस्पतिवार देर रात आधे घंटे तक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि शनिवार सुबह से ही चटक धूप खिलने से लोगों को राहत मिली। रात्रि में 9.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इस बीच वीकेंड की वजह से नगर में सुबह से लेकर शाम तक सैलानियों की आवाजाही रही। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कारोबारी भी व्यस्त नजर आए।
बता दें नगर में रात्रि में एक से दो बजे के बीच जिस तरह से ओलावृष्टि व बारिश हुई, उससे लग रहा था कि शनिवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सैलानियों ने सुहावने मौसम के बीच नैनी झील में नौका विहार के साथ ही दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया।
वहीं, खुर्पाताल के ग्राम प्रधान मनमोहन सिंह कनवाल ने बताया कि ओलावृष्टि की वजह से ग्राम सभा के कई गांवों के ग्रामीणों की आलू, बीन, गाजर व मूली की फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी बारिश से काश्तकारों की फसल चौपट हो गई थी, जिसका मुआवजा अब तक नहीं मिला है।