संवाद न्यूज एजेंसी
हल्द्वानी। जल संस्थान के संविदा कर्मचारियों का दो माह का वेतन रुका हुआ है। दीपावली का त्योहार नजदीक है ऐसे में कर्मचारी बिना वेतन के कार्य करने को मजबूर हो रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार लंबित वेतन के लिए अधिकारी स्तर पर ज्ञापन देने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। कर्मचारियों के सामने घर के खर्चे चलाने समेत कई समस्याएं सामने आ रही हैं।
20 साल से जल संस्थान हल्द्वानी डिविजन में ठेके पर कार्य कर रहे 203 कर्मचारियों का वेतन दो माह से रुकने पर उनके सामने त्योहार पर घर का खर्च चलाने की समस्या है। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी ओर से वॉल्व ऑपरेट करने, लाइनों की मरम्मत और टैंकर चलाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं। जिसकी एवज में उन्हें विभाग की ओर से हर माह 8,131 रुपये वेतन दिया जाता है। बीते दो माह से उन्हें जल संस्थान से वेतन और छह माह से महंगाई भत्ता नहीं मिल पाया है। जिससे उनका त्योहार फीका हो रहा है।
दूसरे विभाग के कर्मचारियों का भी वेतन लंबित
हल्द्वानी। डाक विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन भी पिछले पांच माह से नहीं मिल पाया है। हालांकि डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार लंबित वेतन का कारण कर्मचारियों के दस्तावेजों की संस्तुति नहीं होना था। परिमंडल से दस्तावेजों को लेकर संस्तुति मिल गई है जल्द ही वेतन मिल जाएगा। नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों को भी पिछले माह का वेतन नहीं मिला है।
कोट- संविदा कर्मचारियों के वेतन का प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यालय से बजट आने के बाद ही वेतन दिया जाएगा। कार्रवाई की जा रही है।
- रवि शंकर लोशाली, अधिशासी अभियंता।