रामनगर। लर्निंग लाइसेंस के बाद पक्का लाइसेंस दूसरे दफ्तर से बनाने पर रामनगर एआरटीओ कार्यालय में आवेदकों से एनओसी मांगी जा रही है। इस कारण आवेदकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मामले में जिम्मेदार अधिकारी इस व्यवस्था को दुरुस्त करवाने की बात कह रहे हैं।
काशीपुर से रामनगर एआरटीओ में वंश अपना पक्का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि रामनगर कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों की ओर से उनसे एनओसी मांगी गई। कहा कि जहां से लर्निंग लाइसेंस बनाया हैं, वहां से एनओसी लानी होगी। कहा कि उनकी तरह अन्य लोगों को भी इस तरह परेशान किया गया है। उन्होंने कहा कि एनओसी मांगने से उनका समय और पैसा बर्बाद हो रहा है। रामनगर एआरटीओ कार्यालय में हर दिन 80 से 100 लर्निंग और पक्के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाते हैं। आवेदक कम होने से समय की बचत के चलते ऊधमसिंह नगर जिले से भी लोग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए रामनगर में पहुंचते हैं।
रामनगर एआरटीओ सुरेंद्र कपकोटी ने बताया कि कार्यालय से पक्के लाइसेंस बनाने के लिए एनओसी मांगने की सूचना मिली है। मामले की जानकारी ली जा रही है। लोग बिना एनओसी के लाइसेंस बनवा सकते हैं।