हल्द्वानी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ मतदान केंद्रों के लिए शनिवार को 24 पोलिंग पार्टियां एमबी इंटर कॉलेज मैदान से रवाना हुईं। इनमें चार रिजर्व टीमें भी हैं। उधर, 981 पोलिंग पार्टियां आज (रविवार) को रवाना होंगी। पोलिंग में लगे कर्मचारियों को आठ बजे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के सामान वितरण केंद्र में रिपोर्टिंग करनी होगी। 10 बजे से बस्ता वितरण किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से इन पार्टियों को ईवीएम, वीवीपैट, बस्ते दिए गए। पोलिंग पार्टियों ने मैदान में ही बैठकर पहले सामान मिलाया।
इसके बाद पोस्टल वोट डाले और बसों में बैठकर रवाना हो गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि पोलिंग पार्टियों में 112 कर्मचारी और फोर्स गई हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को 981 पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों को रवाना होंगी। कहा कि इन भीमताल और नैनीताल विधानसभा में लगी पोलिंग पार्टियों के कर्मचारियों को एमबी इंटर कालेज और रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में लगे कर्मचारियों को एमबी डिग्री कालेज में रिपोर्टिंग करनी होगी।
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज गर्ब्याल ने कहा कि सभी टीमें बूथों में पहुंचकर मतदान की तैयारी पूरी कर लें। कहा कि मतदान शुरू होने से एक घंटा पहले पूरी तैयारी कर ली जाए। साथ ही ईवीएम, वीवीपैट से छेड़छाड़ न करें। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि मतदाता सूची, मतदान रजिस्टर, सील, टैग व महत्वपूर्ण दस्तावेज आदि सामग्री भली-भांति जांचने के बाद ही प्रस्थान करें। उन्होंने कहा कि कई दुरुस्त क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहती है इसलिए विशेष सतर्कता बरतें।
प्रत्याशी तीन वाहनों का ही कर सकेंगे इस्तेमाल
हल्द्वानी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन- 2022 के अंतर्गत 14 फरवरी को होने वाले मतदान के दौरान भ्रमण के लिए कोई भी प्रत्याशी तीन से अधिक वाहनों का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। इसके लिए प्रत्याशियों को वाहन पास जारी किए गए हैं। उधर, प्रत्याशी के साथ एक पोलिंग एजेंट और एक अन्य व्यक्ति रह सकता है।
वाहनों में कौन-कौन सवार होगा, इसकी सूची प्रत्याशियों को अपनी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी। विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्रों को देखने के लिए प्रत्याशियों को निर्वाचन अधिकारियों की ओर से वाहन पास जारी किए गए हैं।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि मतदान में पोलिंग बूथों के अंदर वोटर के अलावा केवल प्रत्याशी को जाने की अनुमति होगी। भ्रमण के दौरान प्रत्याशी को अपने वाहन पर वाहन पास गाड़ी के सामने वाले शीशे पर प्रदर्शित करना होगा तथा उनके दूसरे अन्य दो वाहनों में कौन-कौन सवार है, इनके नामों की सूची भी आरओ को देनी होगी। एक वाहन में पांच से अधिक लोग नहीं होने चाहिए।
एक हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
हल्द्वानी। स्वास्थ्य विभाग ने मतदान के दिन को लेकर खास तैयारी की है। एक हजार से अधिक डॉक्टर, नर्स, आशा कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। इसके अलावा चुनाव में लगे मतदान कर्मियों को शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीन लगाने का काम भी पूरा हो गया है। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी का कहना है कि मतदान केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग आदि होगी। अगर स्क्रीनिंग में किसी व्यक्ति के लक्षण दिखाई देते है, तो उसे किस व्यवस्था के तहत वोटिंग करानी है उसकी भी ट्रेनिंग कराई गई है। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत का कहना है कि एंबुलेंस आदि को भी तैनात रखा जाएगा। अस्पताल भी खुले रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक तैयारी की हुई है।
निर्वाचन: सभी बूथों पर बिजली, पानी, फर्नीचर की व्यवस्था करने के निर्देश
हल्द्वानी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी बूथों पर बिजली, पानी, फर्नीचर समेत तमाम व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए हैं। एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज में बनाए गए बूथों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी हैं। जलसंस्थान के ईई से कहा है कि जिन बूथों पर पेयजल की व्यवस्था नहीं है उन बूथों पर अलग से टैंकरों की व्यवस्था की जाए। एमबी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बीआर पंत ने बताया कि कॉलेज में बनाए गए बूथों पर फर्नीचर आदि की व्यवस्था कर दी है।
जिले की सीमाएं आज सील होगी
हल्द्वानी। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि रविवार शाम छह बजे से जिले की सीमाएं सील की जाएगी। आवश्यक सेवा और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को नहीं रोका जाएगा।
ऊधमसिंह नगर से इमरजेंसी ड्यूटी करने वालों का आवागमन रहेगा लेकिन अनावश्यक घूमने वालों को रोका जाएगा। किसी प्रकार का शस्त्र लेकर चलना वर्जित रहेगा। वाहनों की सघन तलाशी होगी। चेकिंग के लिए जिले के चोरगलिया, सुभाषनगर, टांडा जंगल, गड़प्पू समेत 13 बैरियर पर चेकिंग चल रही है।
हल्द्वानी के रहने वालों को भी चेकिंग के दौरान रोका नहीं जाएगा। हाईवे पर आम लोग 14 फरवरी को भी चल सकेंगे लेकिन दूसरे विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए नहीं जाएंगे। नैनीताल में घूमने के लिए जाना मुश्किल होगा। बैरियर पर चेकिंग के दौरान ऐसे लोग वापस कर दिए जाएंगे। मतदाता को मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर वाहन खड़ी कर मतदान करने की छूट रहेगी। (माई सिटी रिपोर्टर)
35 जोन और 106 सेक्टरों में तैनात होगी फोर्स
हल्द्वानी। छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए जिले को 35 जोन और 106 सेक्टरों में बांटा गया है। इसी आधार पर 13 राजपत्रित अधिकारियों के अधीन फोर्स तैनात की गई है।
डीएम धीराज गर्ब्याल की मौजूदगी में एसएसपी पंकज भट्ट ने मिनी स्टेडियम में अधिकारियों और फोर्स को बताया कि जिले मेें कुल 635 मतदान केंद्रों से जुड़े 1008 मतदान स्थलों पर जनता मतदान करेगी। इसके लिए 24 एडवांस पार्टियों रवाना कर दी हैं। शेष बची 984 पुलिस पार्टियों को रविवार को मतदान स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा। चुनाव डयूटी के लिए पुलिस के अलावा, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी की नौ कंपनियां, एक कंपनी आईआरबी, एक कंपनी पीएसी, 1600 होमगार्ड, 400 वन विभाग और पीआरडी कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। साथ ही 12 राजपत्रित अधिकारी, 12 निरीक्षकों, 85 उपनिरीक्षकों, नौ महिला उपनिरीक्षक, 123 हेड कांस्टेबल, 918 सिपाही, 173 महिला सिपाहियों को तैनात किया गया है।
सुरक्षा बलों को हिदायत
एसएसपी ने मतदान ड्यूटी में लगे सुरक्षा बलों और मतदाताओं को कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना होगा। पोलिंग स्टेशन पर नियुक्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मतदान केंद्र प्रभारी का पूरा सहयोग करना होगा। ड्यूटी पर जाने से पहले अपने ड्यूटी कार्ड और ड्यूटी के प्रकार को अच्छी तरह से समझना होगा। ड्यूटी के दौरान हर कार्य अत्यधिक सतर्कता, शालीनता और निष्पक्षता से करना है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर अपने जोनल, सेक्टर या उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचित करना होगा।