हल्द्वानी। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उच्च शिक्षा निदेशालय गौलापार में नवनिर्मित कांफ्रेंस हॉल (लागत 82.58 लाख) और कौशल विकास केंद्र (लागत 10.29 लाख) का लोकार्पण किया। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार डिग्री कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और छात्रों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश के सभी डिग्री कॉलेजों में फर्नीचर, कंप्यूटर उपकरण, पुस्तकें आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि यदि किसी कॉलेज में आवश्यक सामग्री की कमी हो तो प्राचार्य अपने मद से उसे क्रय करें। बैठक में मंडल के सभी महाविद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम में निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अंजू अग्रवाल, उपनिदेशक निदेशक डॉ. एचएस नयाल, सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, अनिल डब्बू, प्रताप बिष्ट, पान सिंह मेवाड़ी आदि मौजूद रहे।
डीएलएड प्रशिक्षुओं ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की
हल्द्वानी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से डीएलएड कर चुके प्रशिक्षुओं ने मंगलवार को हल्द्वानी पहुंचे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन देकर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। कहा कि उन्होंने दिसंबर 2024 में दो वर्ष का डीएलएड प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। चार माह से वे नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का इंतजार कर रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में हरीश पलड़िया, पूजा, भावना, निशा, कल्पना, रिया, बीना, अमित आदि रहे।