विष्णु गुप्ता का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
रामपुर रोड पर नैनीताल मोटर्स के पास बुधवार सुबह फिर हादसा हो गया। कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर से मथुरा के वृंदावन केसीघाट निवासी व्यवसायी विष्णु गुप्ता की मौत हो गई जबकि चालक समेत चार लोग घायल हो गए। विष्णु गुप्ता शादी समारोहों में केसर दूध बनाने का काम करते थे। उन्होंने हल्द्वानी के टीपीनगर में एक शादी समारोह में केसर दूध बनाने का ठेका लिया था।
47 वर्षीय विष्णु गुप्ता अपने साथ कारीगर भूरी, श्यामजी और सत्यवीर को लेकर इंडिगो कार से गाजियाबाद से आ रहे थे। कार केसीघाट निवासी बनवारी चला रहा था। बुधवार की सुबह छह बजे नैनीताल मोटर्स के पास सामने से आ रहे डंपर से उनकी कार भिड़ गई। कार में सवार चालक समेत पांचों लोग घायल हो गए।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने व्यवसायी विष्णु गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। चालक की आंख पर चोट लगी है जबकि सत्यवीर के सीने, श्याम और भूरी की बांह में चोट लग गई। टीपीनगर चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता का कहना था कि कार चालक को झपकी आ गई थी। इसी वजह से दुर्घटना हुई है। व्यवसायी का एक बेटा अंकुर गुप्ता और दो बेटियां हैं।
शाम तक रोका गया शव
व्यवसायी विष्णु गुप्ता के परिजन शाम तक मोर्चरी पर पहुंचे। इसी कारण मोर्चरी में शव को रोका गया था। भाई, साले और परिवार के अन्य सदस्यों के आने पर पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द किया। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।