पंतनगर में एयरपोर्ट कर्मियों के संगठनों के लिए पंचवर्षीय चुनाव में पंतनगर एयरपोर्ट के 19 कर्मचारियों ने मतदान किया। एक कर्मचारी बीमारी के कारण मतदान में हिस्सा नहीं ले सका। चुनाव मात्र पांच घंटे में निपट गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारी संगठनों की कार्यकारिणी के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी इंप्लाइज यूनियन, इंडियन एयरपोर्टस कामगार यूनियन और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया मजदूर संघ ने भाग लिया। पंतनगर के बैलेट पेपर दिल्ली भेज दिए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित हो जाएंगे।
पंतनगर में मुख्य मुकाबला एयरपोर्ट्स अथॉरिटी इंप्लाइज यूनियन और इंडियन एयरपोर्ट्स कामगार यूनियन के बीच मुकाबला रहा। बतौर पर्यवेक्षक और सहायक निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय श्रम विभाग देहरादून के वरिष्ठ अधिकारी विशाल आमटे पूरे दिन चुनाव प्रक्रिया का अनुश्रवण करते रहे। पंतनगर एयरपोर्ट के उप महाप्रबंधक एटीसी बीसी उपाध्याय बतौर पीठासीन अधिकारी और प्रबंधक (सीएमएस) केपीएस शिकर्वार बतौर चुनाव अधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी इंप्लाइज यूनियन की तरफ से प्रभारी अग्निशमन यूडी भट्ट और इंडियन एयरपोर्ट्स कामगार यूनियन की तरफ से रामसिंह रावत पोलिंग एजेंट थे। चुनाव पर्यवेक्षक ने बताया कि देश के सभी 126 एयरपोर्ट के लिए एक साथ चुनाव हुए हैं।