हल्द्वानी। डंपर एसोसिएशन हल्द्वानी-लालकुआं ने जिला खनन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि जब तक उनकी चार सूत्रीय मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक वाहन स्वामी अपने वाहनों को खनन कार्य के लिए नदियों में नहीं उतारेंगे।
विज्ञापन
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मठपाल की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि गौला और नंधौर नदी में खनन को लेकर हर साल नई-नई दिक्कतें खड़ी हो जाती हैं जिससे वाहन स्वामियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इस बार सत्र शुरू होने से पहले ही समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने जीपीएस की बाध्यता खत्म कराने, अवैध खनन और ओवरलोड पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, सत्र शुरू होने से पहले रेट लिस्ट चस्पा कराने और सप्ताह में सिर्फ एक दिन का अवकाश देने की मांग की। इधर बाद में एडीएम सौरभ गहरवाल की अध्यक्षता में एआरटीओ और खनन अधिकारी ने साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने वाहन स्वामियों और डंपर एसोसिएशन की समस्याओं को हल कराने का आश्वासन दिया। बैठक में अरशद अयूब, पम्मी सैफी, इंदर सिंह, पृथ्वी पाठक, हरीश चौबे, उमेश भट्ट आदि मौजूद रहे। इधर खनन समिति ने आरटीओ दफ्तर पर भी प्रदशैन किया। इस दौरान अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, दीपक पाठक, तारा कोरंगा, रमेश कांडपाल, नवीन चंद्र जोशी, जीवन बोरा, सुरेश जोशी, दीपक पांडे आदि शामिल रहे।