दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने डॉक्टरों से मरीजों का हाल जाना। मरीजों को रेफर करने के बाद एसपी ने हायर सेंटर में डॉक्टरों से फोन पर बात करते हुए जल्द से जल्द इलाज देने की बात कही। साथ ही घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान सीओ संदीप नेगी, कोतवाल धर्मवीर सोलंकी भी मौजूद थे।
घायलों का इलाज करने में जुटी चिकित्सकों की टीम
बीडी पांडे अस्पताल में उपचार के दौरान तीन लोगों की हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर भेजा गया। वहीं चार लोगों को भर्ती कर दिया गया है। इसके अलावा तीन लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। दुर्घटना के बाद अस्पताल में डॉ. एमएस दुग्ताल, डॉ. एमएस रावत, डॉ. अनिरुद्ध गंगोला, डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव, डॉ. हिमानी पलड़िया, डॉ. निखिल ने घायलों का इलाज किया। इसके बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्जुन रावल ने बताया कि 10 में से मुरादाबाद निवासी 60 वर्षीय सलमा, 14 वर्षीय लक्की, 14 वर्षीय कमल बिष्ट के सिर में चोटें आई हैं। बताया कि सलमा और लक्की को सुबह, जबकि कमल बिष्ट को शाम को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे में ये लोग हुए घायल
दुर्घटना में स्टाफ हाउस निवासी 32 वर्षीय प्रियंका देवी, हाईकोर्ट परिसर निवासी 37 वर्षीय लीला अधिकारी, सात नंबर निवासी 33 वर्षीय कमला फर्त्याल, नैनीताल क्लब निवासी 35 वर्षीय माया देवी, मुरादाबाद निवासी पर्यटक 60 वर्षीय सलमा, सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र 14 वर्षीय लक्की, अभिषेक, कमल, 21 वर्षीय यश और 12 वर्षीय विजय शामिल हैं।
पुलिस सुरक्षा में पर्यटक की कराई मेडिकल जांच
अस्पताल और कोतवाली में आक्रोशित भीड़ को देख पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच पर्यटक का मेडिकल कराया। इस दौरान एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ संदीप नेगी समेत कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
कोतवाल धर्मवीर सोलंकी का कहना है कि मल्लीताल निवासी दिनेश और पंकज भट्ट की तहरीर पर बी-65 सेकेंड फ्लोर वेस्ट, विनोद नगर, थाना मंडावली दिल्ली निवासी अमित बहुगुणा के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 308, 337, 338 व 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।