हल्द्वानी। प्रतिबंधित कफ सीरप की ब्रिकी के मामले में औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से शनिवार को शहर में दवाओं के सरकारी स्टोर में छापा मारा गया। इस दौरान वहां से अलग-अलग कंपनियों के कफ सीरप के पांच सैंपल जांच के लिए गए।
हाल में राजस्थान और मध्य प्रदेश में कफ सीरप के सेवन से बच्चों की मौत की घटनाओं को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। शासन के निर्देश पर औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने शनिवार को स्टेडियम के पास स्थित सरकारी औषधि भंडार (स्टोर) में छापा मारा। टीम ने स्टोर से कफ सीरप के पांच सैंपल जांच के लिए। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट ने बताया कि टीम ने हिमाचल, उत्तराखंड, कर्नाटक की कंपनियों के पांच सैंपल लिए हैं जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर सरकारी संस्थानों और मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा जाएगा। बिष्ट ने बताया कि प्रतिबंधित कफ सीरप के संबंध में केमिस्ट एवं ड्रग एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी वार्ता की गई है। कहा है कि कोई भी मेडिकल स्टोर प्रतिबंधित कफ सीरप की बिक्री न करे। टीम में वरिष्ठ ड्रग इंस्पेक्टर अर्चना उत्पल आदि मौजूद रहीं।