डीआरडीए इंपलाइज यूनियन की जिला शाखा से जुड़े कर्मचारियों ने बैठक कर प्रदेश सरकार की ओर से डीआरडीए कर्मियों को मंत्रिमंडल की स्वीकृति के अनुसार नियुक्त की तिथि से समस्त सेवानिवृत्ति लाभ दिए जाने के फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वह अधिक मेहनत के साथ काम करेंगे।
कर्मचारी नेता बीडी पलड़िया की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार के 26 मई को जारी पत्र के मुताबिक मंत्रिमंडल ने डीआरडीए कर्मियों को नियुक्ति की तिथि से समस्त सेवानिवृत्ति लाभ जैसे पेंशन, ग्रेच्युटी आदि देने का शासनादेश जारी कर दिया है। बताया गया कि जिला ग्राम्य विकास अभिकरण में तैनात कर्मचारी अब प्रतिनियुक्ति पर ग्राम्य विकास विभाग में गठित गरीबी उन्मूलन क्षमता विकास एवं रोजगार प्रकोष्ठ में प्रतिनियुक्ति पर कार्य करेंगे, लेकिन उन्हें प्रतिनियुक्ति भत्ता देय नहीं मिलेगा।
पलड़िया ने बताया कि वर्तमान में परियोजना अधिकारी के पदनाम को अर्थ एवं संख्याधिकारी कर दिया गया है। इस प्रकोष्ठ में कार्यरत कर्मचारियों के जिला स्तर पर नियंत्रक अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी होंगे जबकि विभागाध्यक्ष ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त होंगे। बैठक में पीएस बिष्ट, डीडी बहुगुणा, बीडी पलड़िया, राजू लाल, जयदत्त सनवाल, मुकुल साह, ज्योति पांडे, पुष्पा मेलकानी, गुरमीत सिंह, पूरन चंद्र, महेंद्र लाल, पूरन, गणेश भट्ट, शंकर सिंह नेगी आदि थे।