हल्द्वानी। ओखलकांडा, भीमताल, नैनीताल समेत तमाम पहाड़ी इलाकों में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से शहर के सभी नाले और गधेरे उफना गए। बरसाती पानी का बहाव इतना तेज था कि गौला नदी का प्रवाह भी फीका पड़ गया। शाम करीब तीन बजे बाद गौला का जलस्तर बढ़कर 3100 क्यूसेक पहुंच गया, जो देर रात नौ बजे 1431 क्यूसेक रहा।
शनिवार को पहाड़ों में हुई भारी बारिश के पानी से शहर के सभी नाले, गधेरे उफना गए। रकसिया नाले के उफनाने से जलसंस्थान की 8 इंच की मुख्य पेयजल लाइन टूट गई, जबकि कलशिया गधेरे के उफनाने से एक बाइक बह गई। कलशिया, रकसिया के अलावा देवखड़ी नाला भी उफान पर रहा। सिंचाई विभाग ने गौला बैराज समेत नंधौर, श्रीलंका टापू आदि बाढ़ सुरक्षा केंद्रों पर अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार को नाले और गधेरों के सामने गौला का प्रवाह कमजोर लग रहा है। फिलहाल शहर में कहीं भी जानमाल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है। सिंचाई विभाग के गौला बैराज प्रभारी अवर अभियंता मनोज तिवारी ने बताया कि गौला में अलर्ट जारी किया गया है। यहां 24 घंटे अभियंताओं समेत कर्मचारी ड्यूटी पर हैं। जल पुलिस भी निगरानी कर रही है। अभी तक किसी तरह के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।
दोपहर बाद हुई जोरदार बारिश
हल्द्वानी। शनिवार को दिन में तेज धूप रही लेकिन दोपहर बाद हुई बारिश से उमस में जरूर थोड़ा कमी आई। मौसम विभाग की ओर से नैनीताल समेत पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत आदि जिलों में 10 अगस्त तक कहीं कहीं तेज बारिश की संभावना है, और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान दो डिग्री बढ़कर 35.5 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का तापमान एक डिग्री बढ़कर 22.1 और न्यूनतम 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा।