नैनीताल नगर की दक्षिणी पहाड़ी पर स्थित बेहद लोकप्रिय पर्यटक स्थल टिफिन टॉप चोटी पर बनी डोरोथी सीट मंगलवार देर रात्रि ढह गई। भूस्खलन के बाद यह पर्यटक स्थल इतिहास बन कर रह गया। रात 11 बजे के बाद तेज आवाज से शहर गूंज उठा और भारी भरकम बोल्डर टिफिन टॉप से नीचे आ गए। क्षेत्र में आबादी न होने से जानमाल की हानि की आशंका नहीं है।
नैनीताल के दक्षिण की 2290 मीटर की ऊंचाई पर स्थित टिफिन टॉप में हर वर्ष लाखों की तादाद में पर्यटकों सहित स्थानीय नागरिक बेहतरीन प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने जाते रहे हैं। पर्यटकों से कहीं ज्यादा यह स्थान स्थानीय निवासियों में लोकप्रिय था। बीते कई वर्षों से यहां गहरी दरारें पड़ गई थीं और यह दरकने लगा था। अमर उजाला ने कई बार इस संबंध में आगाह करते हुए विस्तृत समाचार प्रकाशित किए थे। स्थानीय नागरिकों ने भी अनेक बार ज्ञापन देकर प्रशासन को समस्या से अवगत कराया था लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और आखिरकार वह अनहोनी हो गई जिसकी लंबे समय से आशंका जताई जा रही थी।
कर्नल केलेट ने अपनी कलाकार पत्नी डोरोथी की याद में किया था निर्माण
टिफिन टॉप क्षेत्र में भूस्खलन में डोरोथी सीट के गिरने की सूचना देर रात्रि मिली। लगभग 12 बजे एसडीएम, तहसीलदार, एसडीआरएफ और डीडीएमओ को मौके पर भेजा गया है। अभी जानमाल की हानि की सूचना नहीं है।
-वंदना सिंह, जिलाधिकारी, नैनीताल