हल्द्वानी। क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर 16 बालक वर्ग की जिला क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गए दोनों मुकाबले एकतरफा रहे। पहले मैच में ईशान जोशी की शतकीय पारी से डीके स्पोर्ट्स ने बीसीए बिंदुखत्ता को 260 रन के बड़े अंतर से पराजित किया। दूसरे मैच में जीएनजी ने नर सिंह क्रिकेट अकादमी को आठ विकेट से शिकस्त दी।
जीएनजी क्रिकेट एरिना में डीके स्पोर्ट्स के बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। ईशान जोशी के 112, राकेश बिष्ट के 51 और तेजस बिष्ट के 41 रनों की पारी की बदौलत टीम ने निर्धारित 35 ओवर में पांच विकेट खोकर 308 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में बीसीए बिंदुखत्ता के पांच खिलाड़ी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए और पूरी टीम 21वें ओवर में 48 रन पर सिमट गई। पांच विकेट लेने वाले देवांग नेगी मैन ऑफ द मैच बने।
एमएस क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे मैच में नर सिंह क्रिकेट अकादमी की टीम निर्धारित 25 ओवर में 77 रन ही बना सकी। जीएनजी के गेंदबाज वेदांत यादव ने चार और शिवांश कांडपाल ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीएनजी ने प्रज्जवल के 43 और कृष्णम पांड के 29 रन की बदौलत 16वें ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया। शिवांश कांडपाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
निर्णायक ललित कुमार, भूपेश शाही, प्रिंस, विनोद पंतोला और स्कोरर निकित जोशी हरप्रीत सिंह रहे। वहां जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै, किशन अनेरिया, नरेंद्र अधिकारी, दिग्विजय कनवाल, अभिषेक सिंह आदि मौजूद थे।