भवाली (नैनीताल)। इस बार श्री महालक्ष्मी पूजन और दीपावली का पर्व 20 अक्तूबर को ही मनाया जाएगा। भवाली स्थित एक होटल में ज्योतिषाचार्य, मंदिर के पुजारी और विद्वानों की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया।
ज्योतिषाचार्य और विद्वानों ने कहा कि श्री महालक्ष्मी पूजन के लिए शास्त्रों में प्रदोष काल एवं अर्धरात्रि व्याप्ति वाली अमावस्या को सर्वश्रेष्ठ बताया गया है। ब्रह्म पुराण में बताया गया है कि अर्धरात्रि में श्री लक्ष्मी ग्रह गमन करती हैं और उस काल में दीप प्रज्ज्वलन एवं जागरण का विधान है।
इस वर्ष 20 अक्तूबर को ही अमावस्या तिथि पूर्ण प्रदोष एवं निशा काल में व्याप्त है जबकि 21 अक्तूबर को अमावस्या तिथि कर्म काल में नहीं है और उस दिन नक्त व्रत एवं पूजन शास्त्र सम्मत नहीं है। ज्योतिषाचार्यों ने कहा कि नाथ व्रत का पालन तभी संभव है जब अमावस्या में ही पारण हो और अगले दिन यह संभव ही नहीं है। बागेश्वर के स्याकोट पाठ्यकूरा से जुड़े ज्योतिर्विद भूपेंद्र नाथ पाठक ने कहा कि उत्तराखंड की परंपरा में लक्ष्मी पूजन और व्रत को अत्यंत महत्व दिया जाता है जिसे हम प्रदोष और अर्धरात्रि के मुख्य काल में मनाते हैं। अर्धरात्रि और प्रदोष केवल 20 अक्तूबर को ही है और यही विधि धर्म सिंधु एवं निर्णय सिंधु जैसे प्राचीन ग्रंथों में उल्लेखित है।
नैनीताल के ज्योतिर्विद कैलाश चंद्रा सुयाल ने कहा कि हर धर्मशास्त्रीय प्रमाण 20 अक्तूबर के पक्ष में है। एक राष्ट्र-एक पर्व की भावना से सभी को मिलजुल कर 20 अक्तूबर को ही दीपावली पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्राचीन महीधर पंचांग और श्री बुद्धि बल्लभ पंचांग में भी यही तिथि शास्त्र सम्मत बताई गई है। बैठक में पंडित जीवन चंद्र जोशी, पंडित महेश जोशी, पंडित रमेश चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।