डीआईजी (कुमाऊं) पुष्कर सिंह सैलाल ने कोतवाली परिसर में जनता दरबार लगाकर प्रतिनिधियों और जनता से शहर की समस्याएं को जाना और पुलिस व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सुझाव मांगे।
जनप्रतिनिधियों ने नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर चिंता जताते हुए ट्रैफिक प्लान लागू करने और हेलमेट अनिवार्य करने की मांग की। डीआईजी ने कहा कि बिना जनता के सहयोग के पुलिस अधूरी है, उन्होंने जनता से सहयोग देने की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने डीआईजी के समक्ष शहर की कानून व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। किरायेदारों और बगीचों और कोसी में काम करने वाले श्रमिकों का सत्यापन कराने की मांग की।
डीआईजी सैलाल ने बैठक में आए सुझावों पर गंभीरता से अमल करने की बात कही। कहा कि रामनगर पर्यटन क्षेत्र होने के नाते यहां पर पर्यटन और बीट पुलिस को और चुस्त किया जाएगा। वहीं, वीरपुर लच्छी के ट्रांसपोर्टरों ने रास्ता खोलने की मांग की। इस पर डीआईजी ने उन्हें अपने कार्यालय में मिलने की बात कही। जनता दरबार के बाद डीआईजी ने कोतवाली का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान एसपी सिटी जसवंत सिंह चौहान, एसडीएम एसएस जंगपांगी, सीओ मिथिलेश कुमार, ब्लाक प्रमुख संजय नेगी, सिंचाई सलाहकार समिति उपाध्यक्ष पुष्कर दुर्गापाल, अनिल अग्रवाल , डा. निशांत पपनै, प्रभात ध्यानी, जगमोहन बिष्ट, भूपेंद्र खाती, मनमोहन अग्रवाल, दिनेश चंद्रा, नीरज छिम्वाल, अब्दुल गफ्फार, सतनाम सिंह, बलविंदर सिंह संटू, नरेंद्र शर्मा, गोपाल अधिकारी, सतनाम सिंह, शिल्पेंद्र बंसल, मनिंदर सिंह सैठी, कोतवाल कैलाश पवार, एसएसआई मोहन चंद्र पांडे आदि थे।