डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, पुलिस की चुनौतियों और कार्यभार को देखते हुए थानों एवं चौकियों में तैनाती के नए मानक तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सवा साल में रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। पुलिस की ओर से लोगों के साथ मारपीट के मामले पर उन्होंने कहा कि पुलिस को कार्य करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यदि विभाग की ओर से कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई जरूर करेंगे।
कुमाऊं में तीन दिवसीय दौरे पर डीजीपी अभिनव कुमार बुधवार शाम को नैनीताल पहुंचे। रात करीब 7:45 बजे वह नयना देवी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी ने कहा कि तैनाती के बाद वह पहली बार कुमाऊं दौरे पर आ हैं। तीन दिवसीय दौरे में वह कुमाऊं में अपराध समीक्षा के साथ वेलफेयर कार्यों का जायजा लेंगे।
ये पढ़ें- Uttarakhand: राजनीतिक षड्यंत्र में फंसाने का बयान देकर बोरा ने आखिर किसपर साधा निशाना, कहा- मेरे साथ हुई साजिश
बताया कि बृहस्पतिवार को हल्द्वानी में वह नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की अपराध समीक्षा करेंगे। शुक्रवार को अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले की अपराध समीक्षा बैठक करेंगे। शनिवार को पीएसी बटालियन रुद्रपुर में हुए निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के लिहाज से कुमाऊं क्षेत्र की एक अलग पहचान है जिसके तहत वह पुलिस की व्यवस्थाओं और चुनौतियों को जानने का प्रयास करेंगे। विभाग में पुलिस की कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 28 हजार स्वीकृत पदों में से वर्तमान में 24 हजार पदों पर ही तैनाती है। वर्तमान में ढाई हजार पदों पर दरोगा और फायरमैन की भर्ती की जा रही हैं, जल्द ही कांस्टेबल की भर्ती भी शुरू की जाएगी।
इन दिनों चर्चा में चल रहे यूपी के एक अधिकारी के घर से करोड़ों की रकम चोरी होने के मामले पर कहा कि उनको सोशल मीडिया से यह जानकारी मिली है। कि किसी अधिकारी के घर से 50 करोड़ की चोरी हुई है, लेकिन अभी तक किसी पीड़ित की ओर से इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिल पाई है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी। वहां डीआईजी डॉ. योगेंद्र रावत, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, एसपी हरबंश सिंह, सीओ सुमित पांडेय, कोतवाल हरपाल सिंह आदि पुलिसकर्मी थे।