हल्द्वानी। 30वीं नेशनल सीनियर महिला फुटबाल स्पर्धा में हरियाणा ने दिल्ली को 3-1 से पराजित कर दिया। गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रविवार को अपराह्न में तीन से मैच शुरू हुआ। राजमाता जीजाबाई ट्रॉफी में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के शुरुआत में दिल्ली की टीम हरियाणा पर हावी रही। मैच के 18वें मिनट में दिल्ली के 1–0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद हरियाणा के खिलाड़ियों ने तालमेल के साथ 32वें मिनट में गोल दागकर मैच को बराबरी पर ला दिया।
मैच के 43वें मिनट में गोल बचा रही में दिल्ली की खिलाड़ी ने सेल्फ गोल कर हरियाणा को 2-1 बढ़त दिला दी। मुकाबले के दूसरे हॉफ में दोनों टीमें गोल के लिए संघर्ष करती रही। मैच के 80वें मिनट में हरियाणा के फॉरवर्ड खिलाड़ी ने हवाई गोल कर हरियाणा को 3–1 को बढ़त दिला दी जो कि अंत तक बरकरार रही।
हरियाणा की जीत के साथ ही ग्रुप बी में उत्तराखंड की राह मुश्किल हो गई है। मेजबान टीम अभी तक कोई मैच नहीं जीत सकी है। हरियाणा और उत्तराखंड के बीच आखिरी ग्रुप मैच 16 सितंबर को होगा।