Death of Truck Driver in Haldwani
हल्द्वानी। गौला पुल के पास शुक्रवार रात गेहूं से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि क्लीनर सुरक्षित बच गया। ट्रक चालक के बेटे का आरोप था कि उसके पिता की हत्या की गई है। क्लीनर का कहना था कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था। इस मामले में काठगोदाम पुलिस क्लीनर से पूछताछ कर रही है।
बरेली जिले के जटऊवा भोजीपुरा निवासी चोखेलाल (55) शुक्रवार को ट्रक में सितारगंज से आरएफसी का गेहूं लेकर हल्द्वानी आ रहा था। चालक के साथ ऊधमसिंह नगर जिले के सुलतानपुर पट्टी निवासी क्लीनर सतवीर सिंह भी बैठा था। देर रात गौला बाईपास पुल पर ट्रक बैक होने लगा। क्लीनर का कहना था कि ट्रक के पीछे जाने पर चालक ने उसे यह कहकर उतार दिया कि वह टायर के नीचे पत्थर लगाए। इसके बाद ट्रक पीछे जाकर पेड़ से टकरा गया। इस पर चालक ने छलांग लगा दी और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर काठगोदाम थाने की पुलिस घायल चालक को लेकर एसटीएच आई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार सुबह जानकारी मिलने पर चोखेलाल का पुत्र प्रमोद गंगवार मोर्चरी पहुंचा। बताया कि उसके पिता के सिर में चोट लगी है लेकिन ट्रक सुरक्षित है। आरोप लगाया कि उसके पिता की हत्या की गई है। कहा कि क्लीनर को ट्रक पर रखने का उसके पिता ने ट्रक मालिक से विरोध किया था, जिसे लेकर उनमें झगड़ा भी हुआ था। इस बारे में थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।