हल्द्वानी। चुनाव ड्यूटी के दौरान सोमवार की रात भीमताल स्थित समाज कल्याण विभाग में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी की मौत हो गई।
डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि यूपी के बिजनौर जिले के भागूवाला, चुनरिया मंडावली निवासी सुबोध कुमार (35) चुनाव ड्यूटी के बाद लौट रहा था।
सुबोध कुमार को दिव्यांग वोटरों के मतदान के लिए तैनात किया गया था। रास्ते में उसके सीने में दर्द उठा। सूचना पर उसे एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेडिकल चौकी पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।