विदेशी मदिरा की दुकान में सेल्स मैन द्वारा उपभोक्ताओं से शराब के मूल्य से अधिक रुपये लिए जाने एवं रुपये वापस न किए जाने पर उपभोक्ता से बखेड़ा हो गया। सूचना पर वाइन शाप पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामले को शांत कर दुकान स्वामी को व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी।
मिली जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ स्थित अंग्रेजी मदिरा की दुकान अनीता प्रोपराइटर बनाम राम जायसवाल के सेल्स मैन पर आए दिन मदिरा के खुदरा मूल्य से अधिक पर शराब बिक्री करने का आरोप है।
शनिवार को दोपहर में एक उपभोक्ता अंग्रेजी शराब की दुकान पहुंचा और पांच सौ का नोट देकर सेल्स मैन से शराब मांगी तो सेल्स मैन ने भीड़ का फायदा उठाते हुए पांच सौ का नोट तो रख लिया मगर उपभोक्ता को शराब नहीं दी। इस पर उपभोक्ता ने बखेड़ा खड़ा कर दिया।
इधर, उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि अंग्रेजी मदिरा के दुकान के सेल्स मैन मदिरा में खुदरा मूल्य से अधिक पर मूल्य ले रहे हैं और ग्राहकों से आए दिन बदसलूकी करते हैं। इस दौरान अन्य उपभोक्ताओं ने भी सेल्समैन पर शराब के निर्धारित शुल्क से ज्यादा पैसा लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
मामला मारपीट तक पहुंचता इससे पूर्व ही किसी ने हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक विपिन जोशी ने बमुश्किल मामला शांत कराते हुए दुकान स्वामी को व्यवस्थायें सुधारने के निर्देश दिये।