उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट आने पर फेल होने के चलते मंगलवार को तीन विद्यार्थियों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। तीनों को भर्ती कराया गया है। हल्द्वानी में नयीबस्ती गोपाल मंदिर की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा ने फेल होने पर जहर खा लिया। परिजनों ने उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामले में परिजनों ने बात करने से इंकार कर दिया। उधर, रामनगर में ग्राम भगुवाबंगर निवासी और जीपीपी कन्या इंटर की छात्रा ने फेल होने पर दोपहर करीब 12 बजे सल्फास की दो गोलियां खा लीं। जानकराी होने पर परिजन उसे आपातकालीन सेवा 108 से संयुक्त चिकित्सालय लाए। यहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, गरमपानी में जीबी पंत इंटर कालेज खैरना में इंटर में पढ़ने वाली छात्रा ने भी फेल होने पर दिन में जहर खा लिया। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे निजी वाहन से सीएचसी खैरना पहुंचाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।