भूमि संबंधी विवाद में सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल महामंत्री जगजीवन राम ने कलक्ट्रेट के बाहर मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे काबू किया। इस दौरान पेट में मिट्टी का तेल जाने से नेता की हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए जौलीग्रांट रेफर किया गया है।
कनखल की हजारी बाग, संदेश नगर में भाजपा नेता जगजीवन राम रहते हैं। आरोप है कि उनके भूमि संबंधी विवाद में प्रशासन या पुलिस के स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे निराश होकर मंगलवार को करीब साढ़े तीन बजे वे मिट्टी तेल की केन लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे।
इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, भाजपा नेता ने आत्मदाह करने के लिए शरीर पर तेल छिड़कना शुरू कर दिया, लेकिन आग लगाने से पहले ही पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर लिया। एसओ सिडकुल ऋतुराज सिंह रावत ने मौके पर पहुंचकर नेता को जिला अस्पताल भेजा। एसओ के अनुसार नेता की हालत खतरे से बाहर है।