वाणिज्य कर विभाग की टीम ने कुसुमखेड़ा स्थित दो प्रतिष्ठानों में छापामारी कर एक करोड़ के टर्नओवर पर टैक्स चोरी पकड़ी है। विभाग ने दोनों ही प्रतिष्ठानों की बिल बुक, बैंक रिकार्ड और लेजर रिकार्ड जब्त कर लिया। छापा पड़ने से खलबली मची रही।
वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर यशपाल सिंह के मुताबिक कुसुमखेड़ा में मॉड्यूलर किचन बनाने वाली दो फर्मों पर कर चोरी की सूचना मिली थी। विभागीय स्तर पर की गई जांच में सूचना सही मिली। गुरुवार को टीम ने कुसुमखेड़ा में दोनों ही प्रतिष्ठानों में छापा मारा।
प्रारंभिक जांच में दोनों ही प्रतिष्ठानों में एक करोड़ के टर्नओवर पर कर चोरी पकड़ी गई। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि दोनों ही फर्मों ने दो साल से रिटर्न फाइल नहीं की है।
टीम ने फार्मों के संचालकों से पूछताछ के बाद बिल बुक, लेजर और बैंक का रिकार्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी है। विभाग के मुताबिक एक करोड़ के टर्नओवर पर 13 लाख पचास हजार टैक्स के साथ जुर्माना और ब्याज वसूला जाएगा। छापामारी में असिस्टेंट कमिश्नर इशहाक खान, सुमन जंगपांगी, शैलजा पाठक और वाणिज्य कर अधिकारी उर्मिला पिंचा मौजूद थी।