हरिद्वार जेल से हल्द्वानी पेशी के लिए लाया जा रहा सजायाफ्ता कैदी जाकिर हुसैन शनिवार सुबह देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस से कूदकर फरार हो गया। कैदी का पीछा करने में दो सिपाही घायल भी हो गए, जिन्हें बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की टीम ने फरार कैदी को पकड़ने के लिए जंगलों की खाक छान मारी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। फरार कैदी रामपुर जिले के दढ़ियाल थाना धौराटांडा का रहने वाला है तथा 13 साल पहले की गई एक महिला की हत्या मामले में हरिद्वार जेल में उम्र कैद की सजा भुगत रहा है।
सफदर का बगीचा हल्द्वानी निवासी जाकिर हुसैन की पत्नी ने स्थानीय परिवार न्यायालय में उसके खिलाफ भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया है। इसी मुकदमे में शनिवार को कैदी जाकिर की पेशी थी। शुक्रवार रात हरिद्वार पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल कमल राम के नेतृत्व में सिपाही मुकेश सिंह चौहान और शौकत अली खान कैदी को हरिद्वार जेल से लेकर देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस से हल्द्वानी ला रहे थे। शनिवार सुबह साढे़ 6 बजे ट्रेन लालकुआं रेलवे स्टेशन से हल्द्वानी के लिए रवाना हुई। ट्रेन ने अभी आउटर सिगनल को पार भी नहीं किया था कि जाकिर ने पेशाब जाने का बहाना लगाया और ट्रेन से कूद गया। उसका पीछे करने के लिए दो सिपाही भी ट्रेन से कूद गए जिसके चलते दोनों घायल हो गए। इस बीच, ट्रेन में सवार हेड कांस्टेबल कमल राम ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई।
कैदी के फरार होने की सूचना पर जिले की पुलिस सक्रिय हो गई। एसएसपी सेंथिल अबुदई के निर्देश पर एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान, सीओ बच्चन सिंह राणा, राजेंद्र सिंह ह्यांकी के नेतृत्व में कोतवाल विपिन चंद्र पंत, जीआरपी काठगोदाम थानाध्यक्ष कैलाश सिंह भैसोड़ा और एसओजी की टीम ने जंगल के अलावा मैदानी इलाकों में कैदी की खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मामले में हेड कांस्टेबल कमल राम की तहरीर पर लालकुआं जीआरपी चौकी पुलिस ने जाकिर के खिलाफ धारा 224 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
13 साल पहले जहर देकर की थी महिला की हत्या
एसएसपी ने पत्रकारों को बताया कि जाकिर 13 साल पहले फरीदाबाद में अपनी कंपनी के मालिक की पत्नी को घुमाने के लिए नैनीताल लाया था। यहां उसने उसकी नैनीताल के एक होटल में जहर देकर हत्या कर दी थी। न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। एसएसपी का कहना है कि जाकिर को पकड़ने के लिए बनभूलपुरा सफदर का बगीचा स्थित ससुराल और रामपुर में पुलिस तैनात कर दी गई है।