त्योहारी सीजन के दौरान पुलिस व्यवस्था को तार-तार करते हुए अज्ञात चोरों ने बाइक शोरूम से लाखों की नकदी व स्पेयर पार्ट्स उड़ा लिए। शोरूम स्वामी को सुबह घटना का पता चला। शोरूम स्वामी हरजिंदर सिंह जोहल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिलायंस पेट्रोल पंप के पास जोहल इंटरप्राइजेज नाम से हरजिंदर सिंह जोहल का होंडा बाइक शोरूम है। रविवार को हरजिंदर शोरूम का शटर खोलकर अंदर पहुंचे तो कैश काउंटर खुला था। काउंटर से तीन लाख की नकदी के अलावा शोरूम में रखे स्पेयर पार्ट्स, हेलमेट व अन्य सामान भी गायब था।
बदहवाश हरजिंदर ने तत्काल पुलिस को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शोरूम का मुआयना किया तो शोरूम के पीछे का एक रोशनदान उखड़ा था। जहां से चोर अंदर घुसकर नगदी समेत अन्य सामान चुराकर फरार हो गए।
एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बहरहाल पुलिस ने हरजिंदर सिंह जोहल की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 380 , 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शोरूम स्वामी हरजिंदर सिंह ने बताया कि जिस रोशनदान से चोर अंदर घुसे उसके नीचे एक बड़ा ड्रम रखा था। इसी ड्रम के सहारे चोर आसानी से शोरूम में प्रवेश कर गए होंगे। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों को शोरूम की लोकेशन का पहले से अंदाजा था। शातिर चोरों ने शोरूम में लगे एक सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।