पुलिस से न्याय नहीं मिलने और मारपीट के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से खफा अनुसूचित जाति की एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। पड़ोसियों ने महिला को गंभीर हालत में सीएचसी कालाढूंगी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टरों ने महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में चकलुवा रतनपुर निवासी आशा देवी पत्नी भवन चंद्र ने बताया है कि मंगलवार को चकलुवा में गैस सिलेंडर लेने के लिए वह लाइन में लगी थी। इस बीच लाइन में खडे़ होने को लेकर चकलुवा निवासी जग्गू कन्याल की उससे कहासुनी हो गई। आशा देवी का आरोप था कि जग्गू ने उसके साथ सरेआम अभद्रता और मारपीट की, जिसकी लिखित शिकायत उसने थाने में दी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 323, 504 के तहत रिपोर्ट तो दर्ज कर दी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
इससे खफा आशा देवी ने बृहस्पतिवार को जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। ग्रामीणों ने बताया कि आशा देवी के पति चंडीगढ़ में काम करते हैं। आशा देवी घटना के दिन से ही काफी परेशान थी। थानाध्यक्ष केआर पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।