केमू स्टैंड स्थित होटल में पिथौरागढ़ के एक व्यक्ति ने मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी। बनभूलपुरा पुलिस ने दरवाजा खोलकर उसके शव को बाहर निकला। कमरे से मिले सुसाइड नोट की जांच करने पर पता चला कि आत्महत्या करने वाला व्यक्ति कर्ज से परेशान था। डिप्रेशन में आकर उसने जान देने का फैसला कर लिया।
पुलिस के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के ऐचोली भदेलवाड़ा निवासी संतोष कुमार रावत (40) सोमवार को यहां आकर होटल में ठहरा। सुबह उसने होटल में भोजन किया। शाम के समय दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने बनभूलपुरा थाने को सूचना दी। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने दरवाजा खोलकर मौके का मुआयना किया।
कमरे में संतोष ने होटल की चादर फाड़कर उसका फंदा बनाया था और वह एक कुंडी से लटका था। पुलिस ने जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। सुसाइड नोट में संतोष ने अपनी पत्नी गीता के नाम पत्र लिखा था। बताया था कि उसके ऊपर एक लाख 20 हजार रुपये कर्ज है।
कर्ज नहीं अदा करने की हालत में मानसिक तौर पर वह काफी परेशान था। उसने पत्नी से माफी मांगते हुए बच्चों की देखभाल करने को कहा था।
पुलिस ने उसकी पत्नी से मोबाइल द्वारा पूछा तो पता चला कि संतोष दो माह पहले काम की तलाश में घर से निकला था। काम नहीं मिलने पर वह डिप्रेशन का शिकार हो गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।