गैस गोदाम रोड रेशमबाग के समीप रविवार सुबह एक लड़की को बचाने में स्कूटी सवार होटल मैनेजमेंट (एचएम) का छात्र रपटकर गिर गया। इस बीच पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने उसे कुचल डाला।
छात्र को सुशीला तिवारी अस्पताल के डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक लामाचौड़ में ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग निकला। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
छड़ैल नयाबाद निवासी रिटायर्ड फौजी उमेश चंद्र पलड़िया का बेटा दीपक पलड़िया (22) आम्रपाली इंस्टीट्यूट में एचएम का छात्र था। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह सामान खरीदने के लिए बाजार गया था। लौटते समय रेशमबाग के समीप उसकी स्कूटी के सामने एक लड़की आ गई।
लड़की को बचाने के चक्कर में उसने ब्रेक मारा तो स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गयी। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने दीपक को कुचल दिया। पुलिस उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में ले गयी और डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली को लामाचौड़ चौकी के पास खड़ा कर भाग गया। पूछताछ में पता चला कि दीपक तीन भाई बहन में बड़ा था। पिछले सप्ताह वह होटल मैनेजमेंट की दिल्ली में अपरेंटिस कर घर लौटा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की सूचना पर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे उमेश पलड़िया बेटे का शव देखकर सुधबुध खो बैठे। वह अपने दोस्तों से कहने लगे कि घर जाकर बीवी को क्या जवाब दूंगा।
जिस बेटे को समाज में बड़ा आदमी बनाने का सपना देखा था। काल ने ऐसा खेल खेला कि सब कुछ खत्म हो गया। 20 साल पहले इसी प्रकार उनके भाई की भी ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हुई थी।