श्री गुरु हरिकिशन साहिब गली नंबर पांच स्थित गुरुद्वारे का दरवाजा तोड़कर शरारती तत्वों ने सेवादार की पत्नी को धक्का देने के बाद उसके बेटे को बाहर निकालकर पीटा।
घटना से गुस्साए लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया। गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने देर रात थाने का घेराव कर दिया। इस मामले मेें पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
गली नंबर पांच स्थित गुरुद्वारा के सेवादार मोहन सिंह का बेटा बुधवार की रात खाना खा रहा था। इसी समय चार-पांच की संख्या में लोगों ने गुरुद्वारा में घुसने के लिए पिछला दरवाजा तोड़ दिया।
हमलावरों का कहना था कि सेवादार के बेटे महेंदर सिंह ने एक बुढ़िया को धक्का मारकर घायल कर दिया है। उन्होंने इलेक्ट्रानिक टार्च से महेंदर को शॉट मारा। विरोध करने पर उन्होंने सेवादार के साथ उनकी पत्नी जुगनी को धक्का दे दिया। वे महेंदर को गुरुद्वारा से पीटते हुए बाहर तक ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी ललित जोशी ने एक आरोपी को पकड़ लिया और सेवादार के पुत्र को मुक्त कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद गुस्साए लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया।
रोड के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगने पर थाना प्रभारी राम सिंह मेहता और एसएसआई इंदर सिंह राणा ने गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर रोड से हटाया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। इसके बावजूद गुस्साए लोगों ने कोतवाली का घेराव कर दिया। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि हमलावर बख्शे नहीं जाएंगे।
इस मामले में सेवादार मोहन सिंह की तहरीर पर धारा 147, 148, 295 ए, 504, 506 के तहत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें आरोपी वरुण गुप्ता, बिंदेश गुप्ता और आशीष को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी अंजन की तलाश कर रही है।