अंतरराष्ट्रीय स्तर के बैंक में कंप्यूटर आपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने अपने अकाउंट में बेरोजगार युवक और युवतियों से 5100-5100 रुपए जमा करा लिया। जब ठगों ने पैसा निकाल लिया तब जाकर बेरोजगारों को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। आशंका है कि ठगों के गिरोह ने इसी तरह अन्य बेरोजगारों से भी लाखों रुपए ठगे हैं। पुलिस इस फर्जीवाड़े की जांच कर रही है।
जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी गौरव गोस्वामी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके मोबाइल पर फोन आया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के निजी बैंक का अधिकारी बोल रहा है। यहां कंप्यूटर आपरेटर की जगह खाली है। इस पद पर नौकरी के लिए 1050 रुपए का ड्राफ्ट और 5100 रुपए नगद बताए गए अकाउंट नंबर 3695001700000 पर डालने होंगे। युवक ने इस मामले की जानकारी कोचिंग में पढ़ने वाले अन्य छात्रों को दी।
इसके बाद काफी संख्या में युवकों ने नौकरी पाने के लिए ड्राफ्ट बनवाया और 5100-5100 रुपए बताए गए खाते में जमा कर दिए। पैसा जमा करने के बाद नौकरी के लिए कोई कॉल अभ्यर्थियों तक नहीं पहुंची। छानबीन की गई तो जिस नंबर से फोन आया था वह बंद मिला। बैंक से जांच की गई तो खाते में जमा किए सभी पैसे निकाले जा चुके थे।