नैनीताल बैंक की जांच के दौरान हैकर्स ने फिर चार लोगों के खातों से पैसा उड़ाकर पुलिस और बैंक अधिकारियों के समक्ष चुनौती पेश कर दी है। अब लोगों को महसूस हो रहा है कि हैकर्स बैंक और पुलिस से कई कदम आगे चल रहे हैं।
ताबड़तोड़ खातों से पैसा उड़ाने की घटना के मामले में जिला पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक से चार दिनों का सीसीटीवी फुटेज मांगा है। पुलिस यह जांच करेगी कि जालसाजों ने पीएनबी के एटीएम में चिप या कैमरा तो नहीं लगाया है। पुलिस बैंक के भूमिका की भी जांच करेगी।
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने जनता के खाते से पैसा उड़ाने वाली घटनाओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में खुद मुकदमा दर्ज करेगी। बैंक अधिकारियों ने शुक्रवार को एटीएम के सीसीटीवी फुटेज को उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
पुलिस और बैंक की सक्रियता के बावजूद हैकर ने फिर चार खातों से 99 हजार रुपये उड़ाकर एक बड़ी चुनौती पेश कर रही है। पर्यटन नगरी में इस प्रकार की लगातार हो रही घटना से जांच एजेंसियों के भी होश उड़ गए हैं। पुलिस फुटेज देखकर यह सुनिश्चित करेगी कि एटीएम सुरक्षा में बैंक ने तो लापरवाही नहीं बरती है।
पुलिस के पास दिल्ली और मुंबई पुलिस की तरह अपडेट संसाधन नहीं है। इस कारण अपने सीमित संसाधनों के आधार पर पुलिस जॉलसाजों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। बैंक ही पता लगाएगा कि खाते से पैसे कहां कहां से निकाले गए। घटना को लेकर लोगों में बैंक के प्रति खासा आक्रोश भी है।