बुधवार को मुख्य चौराहे पर बड़ा अजीब और खतरनाक वाकया हुआ। रोडवेज बस का स्टेयरिंग थामे चालक बस चलाते-चलाते अचानक चक्कर आने से अपनी सीट पर गिर गया और फिर भारी भरकम बस दाएं-बाएं भागने लगी। सड़क किनारे खड़ी चार बाइकों को रौंदते हुए बस इरशाद अहमद की सब्जी की दुकान से टकराकर रुक गई। मामले में शाम को इरशाद ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
भवाली डिपो की बस यूके-07 पीए-1381 बुधवार सुबह 11 बजे काठगोदाम से वर्कशाप से मरम्मत के बाद भवाली पहुंची। मुख्य चौराहे के ढलान में भुजियाघाट निवासी चालक हरीश सिंह जीना चक्कर आने से बस की सीट में ही गिर गया। स्थानीय निवासी संतोष जोशी, राजेंद्र भंडारी, कुंदन सिंह और एक अन्य व्यक्ति की सड़क किनारे खड़ी बाइक बस के टायरों की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई।
बस को अनियंत्रित होता देख मौके पर अफरातफरी मच गयी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। सब्जी की दुकान में काम करने वाला शाहिद पुत्र मुन्ना खां और एक राहगीर पान सिंह पुत्र विशन सिंह निवासी पाडली (बेतालघाट) को हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना के वक्त बस में रोडवेज के तीन कर्मचारी भी सवार थे जो बाल-बाल बचे।
हादसे के बाद स्टाफ कर्मियों ने चालक हरीश सिंह जीना को किसी तरह सीट से बाहर निकालकर इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण चालक को चक्कर आया था। जिससे वह सीट में गिर गया था।
बच गया बड़ा हादसा
रोडवेज बस चालक के सीट में गिरने के बाद मुख्य चौराहे में अनियंत्रित बस का स्टेयरिंग अगर सब्जी की दुकान की ओर न घूमता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। क्योंकि जिस तीव्र ढलान से बस उतर रही थी उसके ठीक सामने कई दुकानें हैं। हल्द्वानी, भीमताल और रामगढ़ जाने वाले वाहनों के इंतजार में यात्रियों की यहां भीड़ रहती है।